पटौदी (गुरुग्राम)। गुरुग्राम जिले के पटौदी बाईपास रोड पर शाम कार की टक्कर लगने से सवारियों से भरा टेंपो पलट गया। हादसे में नौ महिलाओं समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के समय टेंपो चालक ऊंचा माजरा स्थित वेयरहाउस में काम करने वाली महिलाओं को ड्यूटी समाप्त होने के बाद उनके घर छोड़ने जा रहा था। हादसे के बाद घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं ऊंचा माजरा स्थित टीवीएस वेयरहाउस में काम करती हैं। शाम ड्यूटी खत्म होने के बाद वे टेंपो में सवार होकर खानपुर और नानूकलां स्थित अपने घरों के लिए रवाना हुई थीं। इसी दौरान पटौदी बाईपास रोड पर एक कार ने टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर पलट गया। टेंपो में सवार लोगों को चोटें आईं और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल रेनू (42), संगीता (30) और रामरति (39) को केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, राधा (36), सरिता (35), ज्योति (35), सुरेश देवी (50) और छह वर्षीय दूरबीन को पटौदी के श्री श्याम अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। इसके अलावा, तीन घायलों ज्योति (30), रजनी (38) और हरबीर (30) को पटौदी के उपमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।







