फरीदाबाद I शहर के सेक्टर-23 स्थित एक मकान में सुबह घरेलू गैस सिलिंडर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय घर में कंजक पूजन की तैयारी चल रही थी। सिलिंडर में आग लगते ही परिवार के सदस्यों ने उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग बुझाई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-23 निवासी रामनाथ के घर में सुबह कंजक पूजन की तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान घरेलू गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख घर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। परिवार के सदस्यों ने शुरुआती तौर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर सभी लोग घर से बाहर निकल आए।
इसके बाद दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
रामनाथ के अनुसार, आग लगने की घटना के दौरान परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित घर से बाहर निकल आए थे। घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।







