यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में ट्रांसपोर्ट और फाइनेंस कारोबार से जुड़े व्यवसायी हरभजन सिंह उर्फ यदि की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब हरभजन सिंह वर्कआउट करने के बाद जिम से बाहर निकलकर अपनी कार में बैठ रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने बेहद करीब से हरभजन सिंह को निशाना बनाया और उनके सिर में कई गोलियां दाग दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने के बाद हरभजन सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की वरिष्ठ टीमें और फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घटनास्थल से गोलियों के खाली खोल भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है। साथ ही जिम और आसपास की इमारतों तथा मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है। पुलिस टीमें आरोपियों तक पहुंचने के लिए जुटी हुई हैं।







