यमुनानगर/परवेज़ खान-:हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के विवादित बयान को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है.यमुनानगर कांग्रेस शहरी प्रधान देवेंद्र सिंह ने अर्चना गुप्ता के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और समाज के लिए चिंताजनक बताया है।उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की राजनीति लगातार धर्म और जाति से जुड़े मुद्दों को हवा देकर लोगों का ध्यान असली समस्याओं से हटाने की कोशिश कर रही है।देवेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सार्वजनिक पदों पर बैठे नेताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।नेताओं को मंच से बोलते समय शब्दों का चयन बेहद सोच-समझकर करना चाहिए,क्योंकि उनके बयानों का सीधा असर समाज के माहौल पर पड़ता है।उन्होंने कहा कि किसी भी विशेष समुदाय,वर्ग या जाति को निशाना बनाना लोकतांत्रिक राजनीति की स्वस्थ परंपरा नहीं है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं की बयानबाजी का फोकस जनता के मूल मुद्दों से हटकर हिंदू-मुसलमान और जातिवाद की राजनीति पर अधिक दिखाई दे रहा है।उन्होंने कहा कि बेरोजगारी,महंगाई,विकास,शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर ठोस चर्चा करने के बजाय लोगों का ध्यान दूसरे विषयों की ओर मोड़ा जा रहा है।देवेंद्र सिंह ने कहा कि समाज को बांटने वाली राजनीति से न तो प्रदेश का विकास हो सकता है और न ही आम जनता की समस्याओं का समाधान।उन्होंने बीजेपी नेताओं से संयमित भाषा का इस्तेमाल करने और राजनीतिक विरोध को व्यक्तिगत या सामुदायिक निशाने में तब्दील न करने की अपील की।उन्होंने कहा कि जनता अब वास्तविक मुद्दों पर जवाब चाहती है और राजनीतिक दलों को भी इन्हीं मुद्दों पर अपना एजेंडा स्पष्ट करना चाहिए। अर्चना गुप्ता के बयान पर कांग्रेस की ओर से आए इस पलटवार के बाद अब बीजेपी की प्रतिक्रिया का इंतजार है। दोनों दलों के बीच बढ़ती बयानबाजी आने वाले दिनों में हरियाणा की राजनीति को और गरमा सकती है।







