Home Haryana जीवन कुंडू हत्याकांड में बढ़ा आक्रोश, खाप-किसानों ने हांसी-हिसार रोड किया जाम

जीवन कुंडू हत्याकांड में बढ़ा आक्रोश, खाप-किसानों ने हांसी-हिसार रोड किया जाम

5
0

जींद। हिसार के चर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जींद में खाप पंचायतों और किसान संगठनों ने गुलकनी गांव के पास हांसी-हिसार रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। हत्या के करीब 14 दिन बाद भी जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार नहीं होने से लोगों में रोष है।

प्रदर्शन के दौरान किसान और खाप प्रतिनिधि सड़क पर बैठ गए और पुलिस तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान ने कहा कि जब तक मामले के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक प्रदर्शनकारी पीछे हटने वाले नहीं हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस ने सड़क पर बैरिकेडिंग और अन्य इंतजाम कर रास्ता रोक रखा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस रास्ते से नहीं हटती तो आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है। इसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। धरनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस ने यातायात को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास किया, लेकिन जाम के कारण हांसी-हिसार मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग दोहराई। उनका कहना है कि जब तक पुलिस कार्रवाई को लेकर ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर जींद और आसपास के क्षेत्रों में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here