फरीदाबाद । फरीदाबाद में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। ओल्ड अंडरपास और ग्रीनफील्ड अंडरपास समेत कई प्रमुख मार्गों पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी बीच सामने आए एक वीडियो में एक स्कॉर्पियो गाड़ी अंडरपास में भरे पानी में लगभग पूरी तरह डूबी नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि अंडरपास में अचानक पानी भरने के कारण वाहन वहां फंस गया। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो को पानी से बाहर निकाला।
लगातार बारिश के बीच अंडरपास में वाहनों के फंसने की घटना ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बार-बार सामने आती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित करने के दावों के बीच अंडरपास और प्रमुख सड़कों पर इस तरह जलभराव होना प्रशासन के लिए चुनौती है। फिलहाल लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन के सामने जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की जल्द निकासी कराने के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है।







