Home Haryana कारौला हत्याकांड पर भड़के ग्रामीण, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क जाम

कारौला हत्याकांड पर भड़के ग्रामीण, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क जाम

7
0

गुरुग्राम। फरुखनगर क्षेत्र के कारौला गांव में युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाटोली स्थित खंडेवला मोड़ पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।

गौरतलब है कि गुरुवार शाम कारौला गांव में 27 वर्षीय सागर की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर कई वाहनों में सवार होकर गांव पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद फरुखनगर थाना पुलिस, एसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

युवक की हत्या के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here