कुरुक्षेत्र। जिले के लाडवा क्षेत्र के गांव बड़ौंदी में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेतों के पास बने एक कमरे का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे कमरे में सो रहे दंपती मलबे के नीचे दब गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार करीब 50 वर्षीय करनैल सिंह और उनकी पत्नी जसविंदर कौर रोज की तरह रात को खेतों की ओर बने कमरे में सोए हुए थे। सुबह लगभग पांच बजे उनका बेटा प्रिंस चाय लेकर कमरे में पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे का लेंटर टूटकर नीचे गिर चुका था और उसके माता-पिता मलबे के नीचे दबे पड़े थे।
बेटे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करनैल सिंह किराए पर जमीन लेकर खेती-बाड़ी का काम करते थे। परिवार के अनुसार जिस कमरे में दंपती सो रहे थे, उसकी एक दीवार खेतों की ओर थी। लगातार मिट्टी खिसकने के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिससे भवन की संरचना प्रभावित हुई और देर रात लेंटर गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव बड़ौंदी में शोक की लहर है। एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।







