Home Haryana यमुनानगर में नहर में डूबा चार बहनों का इकलौता भाई, तलाश जारी

यमुनानगर में नहर में डूबा चार बहनों का इकलौता भाई, तलाश जारी

5
0

यमुनानगर। पश्चिमी यमुना नहर के फतेहगढ़ पुल के पास नहाने के दौरान 17 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बह गया। हादसे में चार बहनों के इकलौते भाई के लापता होने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार नहर में सर्च अभियान चला रही है, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका।

जानकारी के अनुसार, दुर्गा गार्डन निवासी 17 वर्षीय अमित दोपहर करीब ढाई बजे अपने दो दोस्तों के साथ फतेहगढ़ पुल के पास घूमने गया था। वहां पहुंचने के बाद वह नहाने के लिए पश्चिमी यमुना नहर में उतर गया। कुछ ही देर में तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आने से वह बहने लगा।

प्रत्यक्षदर्शी दोस्तों ने बताया कि उन्होंने अमित को बचाने के लिए पूरी कोशिश की। उन्होंने उसका हाथ पकड़ने के लिए अपनी टांग आगे बढ़ाई, लेकिन नहर की ढलान अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी राम कुमार की मौजूदगी में गोताखोरों को बुलाकर नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। देर शाम तक अभियान जारी रहा, लेकिन अमित का कोई पता नहीं चल पाया।

घटना की सूचना मिलते ही अमित की मां रेखा बदहवास हालत में मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह सुबह काम पर गई थीं और घर से निकलते समय बेटे को बाहर नहीं जाने की हिदायत दी थी। अमित ने उनसे केवल 10 रुपये लिए थे और दोस्तों के साथ घूमने निकल गया था। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी बेटे से आखिरी मुलाकात होगी।

पुलिस के अनुसार, तीनों किशोर घूमने के लिए फतेहगढ़ पुल पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नहाने के दौरान अमित गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। फिलहाल गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश जारी है।

प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नहरों और नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में इन स्थानों पर नहाने या अनावश्यक रूप से जाने से बचें। अभिभावकों से भी बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की गई है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here