Home Haryana अंबाला छावनी में चला विशेष सफाई अभियान, कूड़ा और गोबर फेंकने वालों...

अंबाला छावनी में चला विशेष सफाई अभियान, कूड़ा और गोबर फेंकने वालों को दी चेतावनी

6
0

अंकुर कपूर , अंबाला |  अंबाला छावनी को स्वच्छ और हरित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर परिषद की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में नगर परिषद के अधिकारियों, पार्षदों, नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि तथा सफाई कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस दौरान नेशनल हाईवे से सटी सड़क की सफाई कर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा और गोबर हटाया गया। साथ ही आसपास के लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा और गोबर नहीं डालने की चेतावनी भी दी गई।

नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान कैबिनेट मंत्री अनिल विज के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अंबाला छावनी को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाना है। नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण किए जाने के बाद सड़क किनारे फैली गंदगी को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।

नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि परमजीत पम्मी ने बताया कि शहर को साफ-सुथरा रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री अनिल विज समय-समय पर स्वयं शहर का निरीक्षण करते हैं और अधिकारियों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश देते रहते हैं। इसी अभियान के तहत नगर परिषद की टीम और जनप्रतिनिधि स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

पार्षद प्रतिनिधि डॉ. ए.के. लोंगिया ने कहा कि जिस सड़क पर सफाई अभियान चलाया गया, वह जीटी रोड से जुड़ा शहर का प्रमुख प्रवेश मार्ग है। ऐसे में इस स्थान की स्वच्छता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा या गोबर न फेंकें और शहर को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुबह से ही कई ट्रॉलियां कूड़ा उठाया जा चुका है।

नगर परिषद के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सुनील दत्त ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर के निर्देशों के अनुसार सफाई अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि टीम ने क्षेत्र में रहने वाले लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में सड़क किनारे गोबर या कूड़ा फेंकते पाए गए तो उनके खिलाफ चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here