Home Haryana हिसार में मिठाई की दुकान की लिफ्ट में फंसकर युवक की मौत,...

हिसार में मिठाई की दुकान की लिफ्ट में फंसकर युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

2
0

हिसार। हरियाणा के हिसार शहर में नागोरी गेट स्थित एक मिठाई की दुकान में लिफ्ट हादसे में 31 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुंभा खेड़ा गांव निवासी जयवीर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जयवीर नागोरी गेट स्थित कल्पना स्वीट्स में लिफ्ट से संबंधित कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसकी गर्दन लिफ्ट में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

हालांकि मृतक के परिजनों ने इस घटना को महज हादसा मानने से इनकार किया है। जयवीर के चाचा मनदीप ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जयवीर की मौत सामान्य दुर्घटना नहीं हो सकती और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जानी चाहिए। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुकान के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही लिफ्ट की तकनीकी स्थिति, उसके रखरखाव और सुरक्षा मानकों की भी जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

गौरतलब है कि हिसार में लिफ्ट हादसों के कारण जान जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में लोगों की मौत हो चुकी है। वर्ष 2019 में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट शाफ्ट में गिरने से एक युवक की जान चली गई थी, जबकि करीब सात वर्ष पहले पड़ाव क्षेत्र की एक थोक दुकान में खुली लिफ्ट में हादसे के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बावजूद शहर की कई व्यावसायिक इमारतों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप लिफ्ट व्यवस्था नहीं होने को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here