Home Accident पंचकूला में अनियंत्रित निजी कॉलेज बस ने खड़ी गाड़ियों को मारी टक्कर,...

पंचकूला में अनियंत्रित निजी कॉलेज बस ने खड़ी गाड़ियों को मारी टक्कर, 5 से 6 वाहन क्षतिग्रस्त

5
0

पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-26 में मंगलवार सुबह एक निजी कॉलेज की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घरों के बाहर खड़े कई वाहनों से जा टकराई। हादसे में करीब पांच से छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के नियंत्रण खोने के बाद उसने एक के बाद एक कई खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई। लोगों ने चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया और क्षतिग्रस्त वाहनों के नुकसान को लेकर नाराजगी जताई।

स्थिति तनावपूर्ण होती देख आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान वाहन मालिकों ने दुर्घटना में हुए नुकसान पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और उचित कार्रवाई की मांग की।

गनीमत रही कि हादसे के समय कोई राहगीर या वाहन चालक बस की चपेट में नहीं आया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि दुर्घटना में कई वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही बस चालक से भी पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here