Home Haryana सावन-तीज से पहले सोनीपत में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13...

सावन-तीज से पहले सोनीपत में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 सैंपल सील, 28 किलो घेवर नष्ट

5
0
Screenshot

सोनीपत। सावन और तीज के त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में घेवर की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गोहाना रोड और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे संचालित घेवर विक्रेताओं और विभिन्न मित्र मंडलियों की दुकानों पर छापेमारी कर देसी घी, मावा और घेवर के कुल 13 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए। वहीं, गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर करीब 28 किलोग्राम घेवर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र यादव ने बताया कि त्योहारी सीजन में कई विक्रेता अपने उत्पादों को “शुद्ध देसी घी से निर्मित” बताकर बेचते हैं। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को वही गुणवत्ता मिले, जिसका दावा किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटी या भ्रामक तरीके से खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान की शुरुआत कोर्ट रोड स्थित हनुमान मंदिर के निकट संचालित फौजी घेवर की दुकान से की गई, जहां से घेवर के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके बाद टीम ने युवा मित्र मंडली (मोनू) बड़वासनी की दुकान का निरीक्षण किया। यहां से देसी घी, मावा और साधारण घेवर के नमूने एकत्रित किए गए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में गंभीर खामियां मिलने पर संदिग्ध घेवर को मौके पर ही नष्ट कर मिट्टी में दबा दिया गया।

इसके बाद विभागीय टीम ने गोहाना रोड स्थित बड़वासनी फ्लाईओवर के समीप पिनाना नाम से संचालित विभिन्न घेवर मित्र मंडलियों की दुकानों की जांच की। पहलवान घेवर मित्र मंडली और बाबू-बेटा मित्र मंडली से भी देसी घी और घेवर के नमूने लिए गए। अभियान के दौरान मंजीत पहलवान की स्टॉल से भी खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए तथा गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर वहां रखा खराब घेवर भी नष्ट कराया गया।

डॉ. बीरेंद्र यादव ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 13 नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सील कर प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट लगभग 14 दिनों में प्राप्त होगी। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here