Home Crime झज्जर में दिव्यांग बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में चचेरे...

झज्जर में दिव्यांग बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में चचेरे भाई पर आरोप

5
0

झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के डीघल गांव में देर रात एक दिव्यांग बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार वारदात पुरानी दुश्मनी और बदले की भावना से जुड़ी बताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने गांव के ही अमन उर्फ बंटी और उसके साथियों पर घर में घुसकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

मृतक की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है, जो शारीरिक रूप से दिव्यांग था। बताया गया है कि रात वह भोजन करने के बाद अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान देर रात करीब 12 बजे कुछ लोग घर में घुस आए और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या करीब दो महीने पहले हुई एक अन्य हत्या से जुड़ी रंजिश का परिणाम हो सकती है। दरअसल, 8 अप्रैल को डीघल गांव में एक प्लॉट में ताश खेल रहे साहिल नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में मृतक जितेंद्र का भतीजा योगेश वर्तमान में जेल में बंद है।

परिजनों का आरोप है कि साहिल की हत्या का बदला लेने के लिए उसके चचेरे भाई अमन उर्फ बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक के भाई सोमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अमन ने कुछ दिन पहले उन्हें खुलेआम धमकी दी थी कि वह अपने भाई की हत्या का बदला लेकर रहेगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

सोमबीर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमन उर्फ बंटी और उसके साथियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here