नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव ढाणी ठाकरान में देर शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और किशोर बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अशोक सिंह का शाम अपनी पत्नी राजबाला देवी (40) के साथ किसी घरेलू मुद्दे को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़कर तीखी बहस में बदल गई। इसी दौरान उनकी 14 वर्षीय बेटी मीनाक्षी अपनी मां और पिता के बीच विवाद शांत कराने के लिए पहुंची।
आरोप है कि गुस्से में अशोक सिंह ने पत्नी और बेटी पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में दोनों की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल के शवगृह में भिजवा दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी अशोक सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।







