Home Crime बहादुरगढ़ में एयरफोर्स सार्जेंट के सूने घर में लाखों की चोरी, नकदी...

बहादुरगढ़ में एयरफोर्स सार्जेंट के सूने घर में लाखों की चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

7
0

बहादुरगढ़। शहर के वेदान्त नगर परनाला रोड स्थित एक बंद मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर भारतीय वायुसेना में तैनात एक सार्जेंट के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने मकान का मुख्य गेट खुला देखा और इसकी सूचना मकान मालिक को दी।

पीड़ित अभिषेक कौशिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भारतीय वायुसेना पुलिस में सार्जेंट के पद पर असम के जोरहाट में तैनात हैं। उनकी पत्नी दिल्ली सरकार में अध्यापिका हैं। 13 मई को उनकी पत्नी और माता घर पर ताला लगाकर जोरहाट चली गई थीं। इसके बाद से मकान बंद पड़ा था।

सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ है। सूचना मिलने पर अभिषेक ने अपने मामा विजय शर्मा को घर भेजा। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी और संदूक खुले पड़े थे, जबकि पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था।

पीड़ित के अनुसार, चोर घर से करीब 3 लाख 6 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, बालियां, चांदी की पायल, चुटकियां और करीब 430 ग्राम चांदी चोरी कर ले गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने बंद पड़े मकान की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि मकान करीब 12 से 13 दिनों से बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here