Home Haryana हरियाणा में ITI पास युवाओं को मिलेगा सीधा रोजगार, सरकार लाएगी डिजिटल...

हरियाणा में ITI पास युवाओं को मिलेगा सीधा रोजगार, सरकार लाएगी डिजिटल पोर्टल

23
0

चंडीगढ़ |  हरियाणा सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक नई पहल करने जा रही है। इसके तहत आईटीआई से पास होने वाले युवाओं का पूरा डाटा एक डिजिटल पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उद्योगों को प्रशिक्षित युवाओं की जानकारी सीधे मिल सकेगी और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की समीक्षा बैठक में आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में बड़े स्तर पर रोजगार मेले आयोजित किए जाएं। इसके लिए विभाग द्वारा एक वार्षिक कैलेंडर भी जारी किया जाएगा, ताकि युवाओं को समय पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि आईटीआई पास युवाओं और इंटर्नशिप करने वाले छात्रों की नियमित ट्रैकिंग की जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार मिला या नहीं। बैठक में विभाग के मंत्री गौरव गौतम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक में आईटीआई संस्थानों के उन्नयन, भवनों की मरम्मत, आधुनिक लैब की स्थापना, प्रशिक्षकों की स्किल अपग्रेडेशन और उद्योगों के साथ बेहतर तालमेल जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि तकनीकी कौशल भी आवश्यक है, ताकि युवा रोजगार के योग्य बन सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में स्किल्ड युवाओं की मांग तेजी से बढ़ेगी। इसे देखते हुए आईटीआई संस्थानों में नई तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कोर्स शुरू किए जाएंगे। साथ ही पुरानी मशीनरी को बदलने और प्रशिक्षकों को आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग देने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सक्षम योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और कॉन्ट्रैक्ट दिए जाएंगे। सरकार की इस पहल से प्रदेश के हजारों युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here