नूंह | हरियाणा के नूंह जिले से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए कथित जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किए गए एडवोकेट रिजवान के बाद अब उसके साथी एडवोकेट मुशर्रफ उर्फ परवेज को भी 6 घंटे के भीतर हिरासत में लिया गया। केंद्रीय जांच एजेंसियों की टीम ने परवेज को नूंह से पूछताछ के लिए अपने कब्जे में लिया है।
सूत्रों के अनुसार, रिजवान और मुशर्रफ पिछले करीब दो साल से दोस्त थे और दोनों गुरुग्राम में एक साथ प्रैक्टिस करते थे। परवेज के पिता दिलावर ने बताया कि उनके चार बेटे हैं, जिनमें सबसे बड़ा इंडियन आर्मी में है, दूसरा मुशर्रफ एडवोकेट, तीसरा पंजाब में पढ़ाई कर रहा है और चौथा नूंह में 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। उन्होंने साफ किया कि उनके बेटे की पाकिस्तान से कोई संबंध या दौरा नहीं है।
रिजवान की गिरफ्तारी के महज छह घंटे बाद मुशर्रफ को हिरासत में लिया गया। परवेज के पिता ने बताया कि पुलिस की तीन गाड़ियों ने 24 नवंबर की रात उनके घर पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में परवेज ने रिजवान के साथ दोस्ती स्वीकार की, लेकिन किसी जासूसी गतिविधि में भागीदारी से इनकार किया।
नूंह जिले में इस साल पाक जासूसी से जुड़े मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और तावड़ू पुलिस एवं अन्य विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हैं। रिजवान और मुशर्रफ से बरामद उपकरणों की फोरेंसिक जांच अभी जारी है। एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि क्या किसी बड़े जासूसी नेटवर्क का इसमें हाथ है। स्थानीय लोगों में बढ़ती जासूसी गतिविधियों को लेकर चिंता भी बढ़ रही है।







