Home Haryana गुड़गांव में कोरोना के बढ़ते मामले फिर से चिंता का कारण, 8...

गुड़गांव में कोरोना के बढ़ते मामले फिर से चिंता का कारण, 8 दिन में 68 नए केस

275
0

गुड़गांव |  जिले में कोरोना संक्रमण की धीमी लेकिन चिंताजनक वापसी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पिछले एक सप्ताह में 2,198 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 68 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी मरीज की मृत्यु दर्ज नहीं की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंगलवार को 256 लोगों की जांच हुई, जिनमें 10 पॉजिटिव केस सामने आए। इसी के साथ पिछले आठ दिनों में कुल संक्रमितों की संख्या 68 तक पहुंच चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण की रफ्तार धीमी होने के कारण लोग एहतियात बरतने में लापरवाही कर रहे हैं, जिससे संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

ज्यादातर संक्रमित होम आइसोलेशन में

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी पॉजिटिव मरीजों को उनके घरों में ही डॉक्टरों की निगरानी में आइसोलेट किया गया है। इनमें से कई मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री भी सामने आई है, जबकि कुछ मरीज ऐसे हैं जिन्हें संक्रमण उनके आसपास के लोगों से हुआ है। फिलहाल सभी संक्रमितों की हालत स्थिर बताई गई है।

जागरूकता के बावजूद लोग लापरवाह

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक दो बार लोगों को जागरूक करने के लिए नोटिफिकेशन जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसका असर दिखाई नहीं दे रहा। लापरवाही और सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी संक्रमण के प्रसार की मुख्य वजह मानी जा रही है।

अधिकारियों की अपील – सतर्क रहें, नियमों का पालन करें

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और मास्क पहनने की सलाह दी है। डिप्टी सीएमओ डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि मंगलवार को 356 लोगों की जांच में 10 मरीज संक्रमित पाए गए। उन्होंने लोगों से कोविड गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here