कुरुक्षेत्र (एकता): हरियाणा के यात्रियों को जल्द राहत मिलने वाली है। बता दें कि कुरुक्षेत्र-कैथल रेलवे ट्रैक पर भी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दौड़ती हुई दिखाई देगी। मीडिया सूत्रों के अनुसार जयपुर से चलने वाली यह ट्रेन चंडीगढ़ पहुंचेगी, जो 593 किलोमीटर का यह सफर सिर्फ 7 घंटे में तय करेगी। इससे यात्रियों को सफर करने में काफी आसानी होगी। जानकारी के मुताबिक कुरुक्षेत्र से होते हुए दिल्ली से जम्मू के लिए कुछ महीने पहले वंदे भारत ट्रेन चलाई गई थी, लेकिन धर्मनगरी में यह ट्रेन कभी नहीं ठहरती थी। अब यह ट्रेन यहां पर रूकेगी। इससे सैलानियों में इजाफा होने के साथ-साथ कुछ उम्मीद भी जगेगी।
अगले 15 दिनों तक ट्रेन को जयपुर से मिल सकती है हरी झंडी
बताया जा रहा है कि अब जयपुर से वाया जींद-कैथल से होते हुए चंडीगढ़ पहुंचने वाली इस वंदे भारत ट्रेन का कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर ठहराव किया जाएगा। जिसके चलते ट्रेन को शुरु करने के लिए रेलवे विभाग की ओर से खाका तैयार कर अमलीजामा पहनाया जा रहा है। ताकि अगले 15 दिनों तक ट्रेन को जयपुर से हरी झंडी मिल सके। वहीं दूसरी तरफ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दो राज्यों राजस्थान और हरियाणा को केंद्र शासित चंडीगढ़ से जोड़ने का काम करेगी। यह चंडीगढ़ से वापस शाम 3 बजे चलकर रात 10 बजकर 30 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी।
वंदे भारत जल्द होगी शुरू
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को पटरी पर उतारने के लिए तैयारी पिछले काफी समय से की जा रही है। जल्द ही रेलवे के उच्च अधिकारियों की टीम ट्रायल के लिए आएगी।







