जींद | जींद जिले के नरवाना में मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ढाकल रोड स्थित रामकंद डेयरी पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान टीम ने डेयरी से दूध और देसी घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने डेयरी परिसर से बड़ी मात्रा में दूध और घी पाया, जिसमें मिलावट की आशंका के चलते नमूने लिए गए। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से मिठाइयों में अधिक रंगों के प्रयोग पर भी विभाग की नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. योगेश कादयान ने बताया कि सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने रामकंद डेयरी की जांच के दौरान दूध और घी के नमूने एकत्र किए हैं। इनकी रिपोर्ट लगभग 14 दिन में प्राप्त होगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिलावट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।







