सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत शहर के लिए बड़ी उपलब्धि आने वाली है। दिल्ली मेट्रो का चौथा चरण 2028 तक पूरा होने पर सोनीपत सीधे दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएगा।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HUDA) के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने बताया कि रिठाला-नरेला रूट से सोनीपत तक 2.72 किलोमीटर का मेट्रो विस्तार किया जाएगा। इस नए रूट पर सोनीपत के कुंडली और नाथूपुर इलाकों में स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे दिल्ली में रोजाना काम करने जाने वाले हजारों लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रमुख अधिकारियों की बैठक में जमीन अधिग्रहण की रिपोर्ट मांगी गई है। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचएमआरटीसी), दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) और जिला प्रशासन के अधिकारी इस योजना को 2028 तक पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
डीएस ढेसी ने डीएमआरसी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना में आने वाली किसी भी बाधा को समय रहते दूर किया जाए ताकि मेट्रो विस्तार में देरी न हो। यह मेट्रो कनेक्शन सोनीपत के विकास और यातायात की समस्या को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।







