रोहतक। कांग्रेस के लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा की सुरक्षा में तैनात हरियाणा पुलिस के एएसआई प्रदीप कुमार (42) की रात गोली लगने से मौत हो गई। वह रोहतक जिले के मोखरा गांव के रहने वाले थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि प्रदीप ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी है।
हालांकि, पुलिस ने अभी आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार हरियाणा पुलिस में भर्ती होने के बाद वर्ष 2006 से सांसद दीपेंद्र हुड्डा की सुरक्षा टीम में तैनात थे। वह दो बच्चों के पिता थे। दिन में करीब 10 बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने गांव स्थित घर लौटे थे। रात करीब नौ बजे परिवार के सदस्यों को मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन तुरंत कमरे की ओर पहुंचे तो प्रदीप खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
इसके बाद परिजन उन्हें खेड़ी साध के पास स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना रात करीब 11 बजे बहुअकबरपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक परिजनों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।प्रदीप का शव फिलहाल रोहतक के निजी अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमार्टम के लिए शव को पीजीआई के शवगृह ले जाया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







